बीजिंग। चीन सरकार देश की सात करोड़ गरीब आबादी को 2020 तक गरीबी रेखा से ऊपर उठाने के लिए अधिक सहायक नीतियों का निर्धारण करेगी। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने 23वें अंतर्राष्ट्रीय गरीबी उन्मूलन दिवस से पहले शुक्रवार को यह प्रतिबद्धता जताई।
शी ने बीजिंग में वैश्विक गरीबी न्यूनीकरण एवं विकास फोरम को संबोधित करते हुए कहा कि चीन गरीबी के खिलाफ लड़ाई में सरकार और जनता के सहयोग से काम करेगा। शी ने अपने भाषण में 1960 के दशक में शांक्सी प्रांत के एक छोटे गांव में किसान के रूप में काम करने के अपने व्यक्तिगत अनुभवों को भी साझा किया।
पिछले कुछ दशकों में हालांकि चीन ने गरीबी से निजात पाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है। चीन ने पिछले 15 सालों में 60 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया है।
चीन पहला विकासशील देश है, जिसने गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले लोगों की संख्या को आधी करने के सहस्राब्दि विकास लक्ष्य (एमडीजी) को वर्ष 2015 की निर्धारित समय सीमा से पहले पूरा कर लिया।
शी ने कहा, “इन उपलब्धियों के बावजूद चीन विश्व का सबसे बड़ा विकासशील देश है और यहां शहर तथा गांव के अंतर को पाटना अब भी एक बड़ी चुनौती है।