छतरपुर। छतरपुर के नौडीहा थाना क्षेत्र में झरिवा नदी के किनारे पलामू में बुधवार को लगे भूत मेले में पुलिस फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यहां जब पुलिस एक ओझा को गिरफ्तार कर लौट रही थी तो ग्रामीणों और पुलिस में झड़प हो गई। बात इतनी बढ़ गयी कि ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया, पुलिस पर जम कर पथराव भी किया गया। तो आत्मरक्षार्थ की गई पुलिस फायरिंग की, जिसमें एक ग्रामीण की मौत हो गई और एक महिला भी गोली लगने से घायल है। मरने वाले की पहचान रफीक अंसारी (19) के रूप में की गई है। हंगामे में 11 पुलिसकर्मी समेत दर्जनों अन्य ग्रामीण भी घायल हैं।
घटना के बाद इलाके में तनाव
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। मामला संभालने पहुंची पुलिस को भी ग्रामीणों ने खदेड़ दिया और राजमार्ग पर बैठकर आवागमन ठप करा दिया। नौडीहा थाना क्षेत्र के झरिवा नदी छठ घाट पर हर वर्ष भूत मेला लगता है। यहां हर साल भूत भगाने के नाम पर अंधविश्र्वास का खेल होता है।
मेले में हिदू-मुस्लिम दोनों समुदाय के सैकड़ों लोग शामिल होते हैं। डीसी और एसपी के साथ छतरपुर एसडीओ अमरेंद्र सिन्हा, डीएसपी संजय कुमार फिलहाल घटनास्थल पर कैंप बना कर निगरानी कर रहे हैं।