नयी दिल्ली| उत्तर भारत के कई हिस्सों में रिक्टर पैमाने पर छह की तीव्रता वाले भूकंप के शक्तिशाली झटके रविवार देर रात महसूस किये गए| इसका केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में था|
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत आने वाले राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान विभाग के अनुसार भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में था और रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता छह मापी गयी| जानकारी के अनुसार रात 12:49 बजे भूकंप के झटके महसूस किये गये|
भूकंप का केंद्र 86 किलोमीटर की गहराई में था और यह अफगानिस्तान और तजाकिस्तान के सीमावर्ती इलाके के पास कहीं पड़ता है| भूकंप का झटका जम्मू कश्मीर, हरियाणा और राष्ट्रीय राजधानी में महसूस किया गया| संपत्ति या किसी के हताहत होने की सूचना फिलहाल नहीं मिली है|
पाकिस्तान की राजधानी में भी देर रात 6.2 तीव्रता के भूकंप का झटका महसूस किया गया| खबरों के मुताबिक, पाकिस्तान मौसम विभाग के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.2 मापी गयी जबकि अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण के अनुसार तीव्रता 5.9 थी.भूकंप का अधिकेंद्र अफगानिस्तान तथा तजाकिस्तान की सीमा पर 86 किलोमीटर की गहरायी में था|
भूकम्प के झटके खैबर-पख्तूनख्वा और पंजाब प्रांतों के ज्यादातर हिस्सों में महसूस किये गये| इसके अलावा पेशावर, मेहशेरा, शंगला, स्वात, नौशेरा, दिरबाला और आसपास के क्षेत्रों में भी झटके महसूस हुए| अभी तक कहीं से जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है|
उत्तरी अफगानिस्तान में भी देर रात 5.9 की तीव्रता वाला भूकंप का झटका आया जिससे भारत की राजधानी और पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में भूकंप का झटका महसूस किया गया|
अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण ने बताया कि भूकंप अश्काशाम से 22 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम और 92.4 किलोमीटर की गहराई में आया| फिलहाल संपत्ति को नुकसान होने या किसी के भी हताहत होने की कोई खबर नहीं है|