नयी दिल्ली| ट्रेन से सफर करने वालों को रविवार से टिकट के लिए ज्यादा पैसे चुकाने पड़ेंगे। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 0.5 फीसदी टैक्स वसूला जाएगा। रेलवे ने इस बारे में शुक्रवार को सर्कुलर जारी कर दिया है।
सर्कुलर के मुताबिक, एसी क्लास के सभी टिकट 4.35 फीसदी महंगे हो जाएंगे। अब दिल्ली से मुंबई जाने वाली मेल या एक्सप्रेस ट्रेनों में एसी फर्स्ट का किराया करीब 206 रुपए बढ़ जाएगा। इसी प्रकार से दिल्ली से हावड़ा जाने वाली इन्हीं ट्रेनों में थर्ड एसी का किराया करीब 102 रुपए बढ़ेगा।
दिल्ली-चेन्नई रूट पर सेकंड एसी में सफर करने पर सर्विस टैक्स और स्वच्छ भारत सेस (उपकर) मिलाकर 140 रुपए ज्यादा देने होंगे। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में सर्कुलर जारी करते हुए सभी जोनल मुख्यालय को आदेश जारी कर दिया है।
गौरतलब है कि यह टैक्स सिर्फ एसी क्लॉस के टिकटों पर ही लगाया गया है। मोदी सरकार बनने के बाद रेल किराया में कई बार वृद्धि हो चुकी है। एसी क्लास के यात्रियों को बजट वर्ष 2012-13 के बाद से ढाई से तीन सौ रुपए अधिक चुकाने पड़ रहे हैं।
रेल किराए पर टैक्स की वसूली का सिलसिला 26 जून 2012 से शुरू हुआ, तब सर्विस टैक्स का सामान्य शुल्क 12 फीसदी था। एजुकेशन सेस (उपकर) मिलाकर 12.36 फीसदी बनता है। रेलवे केवल बेसिक किराए (कुल किराए का 30 फीसद) पर सर्विस टैक्स वसूलता है। स्वच्छता अभियान टैक्स में भी यही होगा।