नोएडा। सोशल साइट्स अब युवतियों को धोखा देने का आसान जरिया बन गई है। जिसकी शिकार ग्रेटर नोएडा के एक इंस्टीट्यूट में एकाउंटेंट पद पर काम कर रही राधिका (बदला हुआ नाम) हुई।
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली राधिका ने एमबीए किया। उसकी नौकरी ग्रेटर नोएडा के एक इंस्टीट्यूट में एकाउंटेंट के पद पर लग गई। राधिका अपने खानदान की पहली लड़की थी जिसने नौकरी के लिए घर की दहलीज पार की थी।
इस बीच एक दिन शांतनु नाम के लड़के का फेसबुक पर मैसेज आया। अनजान होने के चलते पहले उसने इसकी अनदेखी कर दी, फिर हर दिन मैसेज आने लगा। एक दिन उसने भी मैसेज कर शांतनु से उसके बारे में डिटेल पूछ लिया। शांतनु ने बताया कि वह इंटेलीजेंस ब्यूरो में अधिकारी है और ग्रेटर नोएडा में रहता है।
इसके बाद दोनों की फेसबुक पर सामान्य बातचीत होती रही। दोनों की बात व्हाट्सएप पर भी होने लगी। थोड़े समय बाद दोनों की फोन पर बात होने लगी। शांतनु ने इस दौरान संध्या से शादी करने की इच्छा जताई। शादी के प्रस्ताव से संध्या पहले तो भौचक रह गई लेकिन वह भी शांतनु की शालीनता की मुरीद हो चुकी थी, इसलिए वह उसे मना नहीं कर पाई। दोनों की ग्रेटर नोएडा के ही एक रेस्तरां में मुलाकात भी हुई। दोनों एक-दूसरे से शादी करने को तैयार हो गए।
समय के साथ दोनों का प्यार परवाना चढ़ता गया और शारीरिक संबंध भी स्थापित हो गया। छह अक्टूबर को वह घर गई और शांतनु से शादी करने के लिए अपने मांता-पिता को राजी कर लिया। आठ अक्टूबर को ग्रेटर नोएडा आकर राधिका ने यह बात शांतनु को बताई। शांतनु ने कुछ कहा नहीं, लेकिन संध्या से कटने लगा। उसने राधिका से बात करना भी बंद कर दिया।
परेशान होकर राधिका ने एसपी सिटी दिनेश यादव को पूरी बात बताई और शिकायत की। एसपी सिटी ने शांतनु की डिटेल निकलवाई। जिसे सुनकर राधिका के होश उड़ गए। शांतनु आइबी में काम नहीं करता था। वह ग्रेटर नोएडा के ही एक कॉलेज में चपरासी था। उसने राधिका से दोस्ती करने लिए झूठ बोला था। उसने फेसबुक प्रोफाइल पर भी गलत जानकारी दी थी। यह सब जानकार राधिका का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह न तो इंस्टीट्यूट जा रही थी और न ही घर वालों को कुछ बता पा रही थी।
एसपी सिटी ने शांतनु को जेल भेजने की बात कही लेकिन राधिका ने इन्कार कर दिया। उसके साथ जो हुआ उसे वह भूल नहीं पा रही थी। शनिवार को उसने एसपी सिटी को ग्रेटर नोएडा छोड़ने की जानकारी दी। एसपी सिटी के काफी समझाने के बाद भी वह तैयार नहीं हुई।