मुंबई। अभिनेता सलमान खान के फैन्स के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रोमन मीडिया की खबरों की माने तो सलमान ने अपनी गर्लफ्रेंड लूलिया वंतूर से गुपचुप तरीके से सगाई कर ली है। हालांकि कयास कुछ समय पहले लूलिया के हाथ में अंगूठी देखकर पहले से लगाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि पिछले साल सलमान की बहन अर्पिता की शादी में भी लूलिया पहुंचीं थीं। वह सलमान के पूरे परिवार से मिल चुकी हैं। सलमान के पिता सलीम खान को लूलिया पसंद भी हैं। खबर तो यह भी थी कि लूलिया सलमान के फॉर्म हाउस में कुछ दिनों तक रही भी थीं।
इसी साल के शुरुआत में भी ऐसी खबरें आईं थी कि सलमान ने शादी का मन बना लिया और इस साल के अंत तक वह अपनी गर्लफ्रेंड से गुपचुप तरीके से शादी कर लेंगे। ये अलग बात है कि इस खबर की पुष्टि सलमान और लूलिया में से किसी ने भी नहीं की है।
वैसे, लूलिया की शादी रोम के मारियस मोगा से हो चुकी है। मारियस मोगा गीतकार, गायक और निर्माता हैं। वह यूरोप में रहते हैं। हालांकि, इस बात पर अभी संशय है कि लूलिया ने मारियस से तलाक लिया है या नहीं। लूलिया ने पिछले साल फिल्म ‘ओ तेरी’ में एक आइटम नंबर भी किया है। इस फिल्म को सलमान के बहनोई अतुल अग्निहोत्री ने प्रोड्यूस किया था|
सलमान और लूलिया अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियों में छाए रहते हैं। दोनों को अक्सर साथ देखा गया है। लूलिया फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ की शूटिंग के समय सेट पर भी देखी गईं थीं।