श्रीनगर| सुरक्षाबलों की गोलीबारी से हंदवाड़ा में कल दो युवकों और 70 साल की महिला की मौत के बाद माहौल तनावग्रस्त है। वहां अलगाववादियों ने आज बंद का ऐलान किया है। मरने वालों में एक उदीयमान क्रिकेटर शामिल था।
सरकारी डिग्री कॉलेज हंदवाड़ा का छात्र नईम भट भी पुलिस की गोलीबारी में मारा गया। नईम के दोस्तों का दावा है कि वह तीन साल पहले अंडर-19 के राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट शिविर में भाग ले चुका था।
लोगों की मानें तो कल हंदवाड़ा में सुरक्षा बल के जवानों ने स्थानीय लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की। इस घटना का विरोध करने के लिए लोग कैंप पर प्रदर्शन करने लगे। बाद में जब भीड़ पथराव पर उतर आई तो पुलिस और सेना के जवानों ने ने फायरिंग की, जिससे दो युवकों की मौत हो गई। इस दौरान सात जवान और तीन लोग भी घायल हो गए हैं।
इस घटना के बाद सेना ने साफ किया है कि इस घटना में सेना का जवान नहीं है। सेना ने इस घटना पर दुख जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच का ऐलान किया है।
नॉर्दन आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल बीएस हुड्डा ने इस घटना पर कहा कि, ‘सेना जम्मू-कश्मीर में आवाम की हिफाजत के लिए तैनात है। इस मामले में अगर कोई दोषी पाया जाता तो उसे बख्शा नहीं जाएगा’।
दूसरी ओर पुलिस ने भी मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मामला दर्ज कर लिया गया है और पीड़िता का बयान दर्ज किया जाएगा। अगर जरूरत पड़ी तो जवान को हिरासत में भी लिया जाएगा।