लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी के काकोरी क्षेत्र में कल की शाम से गायब 14 वर्षीय किशोरी छात्रा का शव शुक्रवार सुबह एक खेत में पड़ा मिला। इस छात्रा की साइकिल एक मंदिर के पास खड़ी पाई गई। आशंका जताई जा रही है कि छात्रा को अगवा कर उसे एक खेत में ले जाया गया और उसके साथ दुष्कर्म करने बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी है तथा आरोपी फरार हैं।
मलिहाबाद के सीओ जावेद खान ने इस घटना के बारे में बताया कि काकोरी के चौधरीखेड़ा गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी 9वीं की छात्रा थी। वह मानिसक रूप से कुछ कमजोर थी। स्कूल से लौटने के बाद शाम को उसके पिता बेटी को झाड़-फूंक के लिए बुद्धेश्वर ले गए। लौटते वक्त किशोरी के पिता एक दुकान पर रुक गए। उन्होंने बेटी को साइकिल लेकर घर चले जाने को कहा। मगर वह घर नहीं पहुंची। परिवार वालों ने उसको तलाशना शुरू किया, पर कुछ पता नहीं चल सका।
शुक्रवार की सुबह किशोरी की साइकिल परिवार वालों को शीतला माता मंदिर के पास खड़ी मिली। इसी बीच कुछ लोगों को किशोरी का शव राकेश यादव के खेत में पड़ा दिखा। लोगों ने इस बात की खबर किशोरी के परिवारवालों व काकोरी पुलिस को दी। किशोरी के मुंह से खून निकल रहा था और उसके गले पर चोट के निशान थे। ऐसा लगा रहा था कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। छानबीन के बाद काकोरी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हैं।