मुंबई| अपनी होम प्रोडक्शन फिल्म ‘हीरो’ में सुनील शेट्टी की बेटी अथिया शेट्टी को लॉन्च करने वाले सलमान खान जल्द ही उनके बेटे अहान शेट्टी को फिल्म जगत में लाने की योजना बना रहे हैं| ‘हीरो’ में सलमान ने अथिया के साथ आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पंचोली को भी फिल्म जगत से रुबरु कराया था|
सुनील ने कहा, ‘उनकी (सलमान) उसे (अहान) लॉन्च करने को योजना है| इसमें अभी दो-तीन साल का समय लगेगा| अहान तैयार हो रहा है| वह वो सब सीख रहा है जो एक अभिनेता के तौर पर उसे सीखना चाहिए जैसे नृत्य, अभिनय एवं अन्य| दुनियाभर की यात्रा के दौरान वह बहुत कुछ सीख रहा है|’
सलमान को इंडस्ट्री में उभरते सितारों का गॉडफादर माना जाता है| इससे पहले ‘दबंग’ में वह शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी सोनाक्षी सिन्हा को भी लॉन्च कर चुके हैं| हाल फिलहाल में सलमान को अपनी आने वाली फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ की रिलीज का इंतजार है और वह आदित्य चोपड़ा के होम प्रोडक्शन में बनने वाली ‘सुल्तान’ पर भी काम कर रहे हैं|