पटना। नीतीश कुमार आज पांचवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं। नीतीश ने बिहार जीत कर कई क्षत्रपों को उम्मीद जगायी है कि भाजपा अजेय नहीं है|
शपथ ग्रहण समारोह पटना के गांधी मैदान में होगा। जानकारी के मुताबिक़ कैबिनेट में एम-वाई समीकरण ( मुसलमान और यादव) का पूरा खयाल रखा गया है। इसके आलावा ऎसी अटकलें हैं कि आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद के बेटे तेजस्वी यादव डिप्टी सीएम बन सकते हैं।
शपथ पटना में सीएम की है, पर इसकी गूंज दिल्ली तक सुनाई देगी व असर कई पदों पर होगा| शपथ ग्रहण समारोह में कई राज्यों के सीएम और बड़े राजनेता शामिल होंगे।
नीतीश ने पीएम मोदी को भी शपथ ग्रहण में मेहमान के रूप में न्योता भेजा था लेकिन उन्होंने दो नेताओं को अपने प्रतिनिधि के तौर पर पटना भेजने का फैसला किया है। नीतीश कुमार की नई कैबिनेट में यादवों को ज्यादा अहमियत दी जा सकती है।
ये नेता करेंगे शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत
शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौ़डा, कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी, दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल शामिल होंगे। पीम नरेंद्र मोदी के प्रतिनिधि के रूप में केंद्रीय मंत्री वेंकया नायडू और राजीव प्रताप रू़डी पटना पहुंचेंगे। इनके अलावा पश्चिम बंगाल, असम, हिमाचल प्रदेश, यूपी, मणिपुर, सिक्किम, अरूणाचल प्रदेश और कर्नाटक के सीएम के भी समारोह में शामिल होने की संभावना है।
सुरक्षा के किये गए हैं पुख्ता इंतजाम
वीआईपी गेस्ट को देखते हुए पटना के गांधी मैदान में सिक्युरिटी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वॉच टावर पर तैनात जवान दूरबीन से पूरे इलाके पर नजर रख रहे हैं। गांधी मैदान के आसपास ऊंची इमारतों पर पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।
शपथग्रहण के बाद सीएम आवास में हाइ टी का आयोजन
शपथ के तत्काल बाद मुख्यमंत्री के आवास पर मेहमानों के सम्मान में हाइ टी का आयोजन किया गया है| हाइ टी में मुख्यमंत्री, सरकार के सभी नवनियुक्त मंत्री और कांग्रेस उपाध्यक्ष समेत राज्य के बाहर से आये सभी मंत्री शामिल होंगे|