मुंबई| बॉलीवुड की एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण और देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा की आने वाली फिल्म ‘बाजीराव-मस्तानी’ का नया गाना ‘पिंगा’ रिलीज हो गया है। गाने में दोनों एक्ट्रेसेज मराठी स्टाइल में नाचती नजर आ रही हैं। इस गाने को कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा ने 12 दिनों की कड़ी मेहनत के बाद तैयार किया है। जिसमें प्रियंका और दीपिका लावणी डांस करती नजर आ रही हैं।
डायरेक्टर संजय लीला भंसाली ने इस गाने को अपनी पुरानी फिल्म देवदास के गाने डोला रे डोला जैसा बनाने की कोशिश की है, जिसमें ऎश्वर्या राय और माधुरी दीक्षित एक साथ नाचती हुई नजर आई थीं। मुख्य किरदार में नजर आने वाली प्रियंका चोपड़ा ने हाल ही में इस गाने का पहला लुक अपने टि्वटर अकाउंट पर शेयर कर लिखा कि अपने फिल्म के गाने ‘पिंगा’ का पहला लुक शेयर करते हुए बहुत ही खुशी हो रही है।
गाने में दीपिका और प्रियंका मेजंटा और पर्पल रंग की सिल्क साड़ी में नजर आ रही हैं। दोनों ने पारंपरिक मराठी ज्वेलरी भी पहनी है और लावणी करती नजर आ रही हैं। इस फिल्म में प्रियंका और दीपिका के अलावा रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म अगले महीने 18 दिसंबर को रिलीज होगी।