मुंबई। फिल्म हीरो से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाले सूरज पंचोली अब 1993 में बनीं बाजीगर के सीक्वल में काम करते नजर आ सकते हैं। जानकारी के मुताबिक बॉलीवूड की डायरेक्टर जोड़ी अब्बास-मस्तान ने कुछ समय पहले एक कहानी लिखी थी, जिसका निर्माण सुनील खेत्रपाल करने वाले थे लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। अब चर्चा है कि इस कहानी को वह सूरज पंचोली को लेकर बनाने जा रहे हैं। जिसे बाजीगर का सीक्वल बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि बाजीगर में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान नेगेटिव कैरेक्टर में थे। फिल्म में शाहरुख ने अपनी मां के साथ हुए जुल्म का बदला लिया था। अब बाजीगर के सीक्वल में सूरज भी एंटी-हीरो होंगे और वे अपने पिता के साथ हुई नाइंसाफी का बदला लेंगे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पहले इस फिल्म के लिए टाइगर श्रॉफ से कॉन्टैक्ट किया गया था लेकिन उनके पास डेट्स न होने के कारण अब सूरज को अप्रोच किया गया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो 2016 की शुरुआत में फिल्म फ्लोर पर जा सकती है। हालांकि अभी तक इसकी हीरोइन और फिल्म के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।