नई दिल्ली। बेबाक लालू ने आज फिर प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा है कि अब वह बनारस जायेंगे और लालटेन लेकर मोदी को खोजेंगे। साथ ही यह भी कहा कि वह उस गांव भी जायेंगे जिसे मोदी ने गोद लिया है, उसका क्या हुआ।
दरअसल, बिहार विधान सभा चुनाव का परिणाम कल यानी 8 नवंबर को आना है। चुनावी नतीजे का हर किसी को इंतजार है। नतीजों के इंतजार के बीच आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने अपनी जीत का दावा किया है।
लालू ने कहा कि महागठबंधन 190 सीट पर जीत रहा है। नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने दिल्ली में एक मीटिंग की है, दोनों खाली लौट रहे हैं। वह बोले, सरकार बनाने के बाद जनांदलोन करेंगे। मोदी और अमित शाह में भारी बैचेनी है, क्या-क्या उपाय करेंगे, ये सोच रहे हैं। कोई उपाय यहां काम नहीं करेगा।
लालू ने कहा कि हमने लाखों लोगों की सभा की, सबसे पूछा, हाथ उठवाया, जो यथार्थ है वही हम बता रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि सबसे पहले हम बनारस जाएंगे लालटेन लेकर, खोजेंगे मोदी कहां हैं। गांव जो गोद लिया था उसका क्या हुआ। गंगा माई का क्या हुआ, टोरंटो बनाएंगे उसका क्या हुआ। मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, सहरसा, अररिया, मधेपुरा, किशनगंज, कटिहार और पूर्णिया ये सब हमारी डेन्सिटी हैं।
वह बोले, बनारस के बाद कलकत्ता जाएंगे। 10-15 गाड़ी लेकर प्रचार कराएंगे, खुद भी प्रचार करेंगे। ब्रिगेड मैदान में प्रचार करेंगे। मंत्रिमंडल का ढांचा तय करेंगे हम। ना आरजेडी, ना जेडीयू और ना कांग्रेस, महागठबंधन पार्टी है। महागठबंधन जिंदाबाद। बेटों पर लालू ने कहा कि दोनों बेटे 50,000 वोटों से जीतेंगे।