मुंबई। बॉलीवुड एक्टर पुलकित सम्राट और उनकी पत्नी श्वेता रोहिरा के बीच कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। सूत्रों की मानें तो उनके बीच अक्सर झगड़े होते ही रहते हैं। दोनों के झगडों से उनके पड़ोसी तक शिकायत करने लगे हैं। सुनने में यहां तक आ रहा है कि पुलकित और श्वेता अब बहुत जल्द तलाक की अर्जी भी दायर कर सकते हैं। फिलहाल, अभी तक स्वयं पुलकित या श्वेता ने इस संबंध में कुछ भी नहीं कहा है।
पुलकित ने सुपरस्टार अभिनेता सलमान की राखी बहन श्वेता से 3 नवंबर 2014 को गोवा में शादी की थी। खुद सलमान ने श्वेता का कन्यादान भी किया था। इस दौरान सलमान के भाई अभिनेता अरबाज और बहनोई अतुल अग्निहोत्री ने भी शिरकत की थी। श्वेता मुंबई की एक सिंधी लड़की हैं और बचपन से ही सलमान से काफी प्रभावित भी हैं। एक दिन वो सलमान के घर पहुंची और उनकी मां से कहा कि वे सलमान को राखी बांधना चाहती हैं। फिर क्या था, दरियादिल सलमान ने शीघ्र ही हां बोल दिया और तब से वे लगातार श्वेता से राखी भी बंधवा रहे हैं।
सलमान श्वेता को अपनी सगी बहन की तरह ही मानते हैं, तभी तो वे न केवल उनकी शादी में शरीक हुए, बल्कि उन्होंंने उनका कन्यादान भी किया। पुलकित दिल्ली के रहने वाले हैं। उन्हें सबसे पहले टीवी शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में देखा गया था। फिर वे बॉलीवुड में निर्देशक मृगदीप सिंह लांबा की फिल्म ‘फुकरे’ में दिखाई दिए। वो निर्देशक उमेश बिष्ट की फिल्म ‘ओ तेरी’ में भी दिखाई दे चुके हैं।
फिल्म ‘ओ तेरी’ को सलमान के बहनोई अतुल अग्निहोत्री ने प्रोड्यूस किया था। इसी वर्ष उन्हें फिल्म ‘बैंगिस्तान’ में भी देखा गया था। गौरतलब है कि जब पुलकित एकता कपूर के शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में काम कर रहे थे। उस दौरान श्वेता एक जर्नलिस्ट थीं। दोनों की मुलाकात हुई और जल्द ही यह मुलाकात पहले दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। इस तरह बाद में दोनों ने सगाई भी कर ली थी लेकिन अब शादी के बाद उनके बीच कुछ ठीक नहीं चल रहा है|