बीजिंग। चीन की एक रियल एस्टेट वांडा ग्रुप के संस्थापक वांग जियानलिन की संपत्ति पिछले 12 महीने में 1100 अरब रूपए बढ़ गई है। बिजनेस मैगजीन फोर्ब्स ने 2015 में चीन के सबसे धनी व्यक्तियों की सूची जारी की। फोर्ब्स मैगजीन के मुताबिक वांडा ग्रुप के संस्थापक वांग जियानलिन की संपत्ति आइसलैंड की कुल जीडीपी से भी ज्यादा है।
इस वर्ष वांग की संपत्ति में 1980 अरब रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जबकि पिछले वर्ष यह 871 अरब रुपए थी। वांग पहली बार तब चर्चा में आए थे, जब उन्होंने 2012 अमेरिकी सिनेमा चेन एएमसी एंटरटेनमेंट का अधिग्रहण 140 अरब रुपए में किया था। वांग फोर्ब्स लिस्ट में चौथे स्थान से छलांग लगाकर पहले स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने चीन के कई अरबपतियों को पीछे छोड़ दिया है जिनमें अलीबाबा के जैक मा भी शामिल हैं।
जैक मा की कंपनी के शेयर में न्यूयॉर्क में आई गिरावट के कारण 1386 अरब के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार चीन के 100 सबसे धनी लोगों के पास करीब 29700 अरब रूपए की संपत्ति है जो एक साल में 20 फीसदी बढ़ी है। यह बढ़ोतरी चीन के मौजूदा जीडीपी ग्रोथ, जो 6.9 फीसदी है, से भी ज्यादा है।
आर्थिक संकट से जूझ रहे चीन में अरबपतियों की संपत्ति में इस तेजी से हो रही वृद्धि खुद में हैरत का विषय है। चीन के दस सबसे धनी व्यक्तियों में से छह टेक्नॉलजी सेक्टर से हैं जिसमें तीसरे स्थान पर इंटरनेट टाइटन टेंसेंट, चौथे स्थान पर शियाओमी के ली ज्यून और चीनी सर्च इंजन बायडू के रोबिन ली हैं जो दूसरे स्थान से छठे स्थान पर पहुंच गए हैं।