नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर अक्सर विवादों और चर्चाओं में रहने वाली पाकिस्तानी बोल्ड मॉडल कंदील बलोच की हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि कंदील की हत्या मुल्तान में उनके ही घर पर भाई गफूर ने की।
आरोप है कि गफूर ने गला दबाकर और फिर गोली मारकर कंदील की हत्या की और उसके बाद से वह फरार है। बताया जा रहा है कि गफूर कंदील से मिलने घर आया था इसी दौरान उसने कत्ल को अंजाम दिया।
कंदील कई महीनों से ट्विटर पर अपने बोल्ड तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर रही थीं। हाल में उन्होंने एक गाना भी ट्विटर पर पोस्ट किया था जिसमें वह बेहद ग्लैमरस अंदाज में ऩजर आ रही थीं।
अपनी तस्वीरों और वीडियो के चलते वह अक्सर आलोचकों के निशाने पर रहती थीं। कंदील तब चर्चा में आई थीं जब उन्होंने क्रिकेटर विराट कोहली को लेकर अपनी दीवानगी जाहिर की थी।
एक मुफ्ती के साथ उनकी हालिया तस्वीरों ने भी खासी चर्चा बटोरी थी। एक बार उन्होंने शाहिद अफरीदी के सामने पोल डांस की पेशकश भी की थी। उन्होंने कहा था कि अगर पाकिस्तान वर्ल्ड कप में भारत से जीत जाती है तो वह ऐसा करेंगी।