विकास सिंह
गैर विवादित सौ सीटों पर पहले होगा चयन
लखनऊ। यूपी की सत्ता संभालने के लिए बेताब भारतीय जनता पार्टी ने यूपी चुनाव के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी इन दिनों यूपी के संगठन को धार देने में लगी है। जिला इकाईयों के बाद प्रदेश इकाई का गठन किया जा रहा है। इसके साथ भाजपा का सियासी पारा नापने के लिए पार्टी अध्यक्ष अमित शाह तूफानी दौरा कर रहे है। देर से प्रत्याशियों का ऐलान करने वाली भाजपा इस बार अगले माह करीब 100 उम्मीदवारों की घोषणा करने जा रही है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह बाराबंकी, वाराणसी, मऊ आदि जगहों पर अपनी सभाएं कर चुके हैं। इन सभाओं के दौरान उन्होंने बीजेपी की सरकार लाने की लोगों से अपील की। बीजेपी अपने विरोधियों सपा और बसपा को यहां मात देने के लिए अभी से कमर कस चुकी है। बीजेपी अपने मिशन उत्तर प्रदेश के लिए सामाजिक समीकरणों को भी साधने में जुटी है।
वहीं भाजपा अपने उम्मीदवारों की घोषणा करने में भी पीछे नहीं रहना चाहती है। पार्टी यूपी में अपने उम्मीदवारों की पहली सूची अगस्त में जारी करने पर विचार कर रही है। पहली सूची में लगभग 100 नामों की घोषणा की जा सकती है। यह सभी सीटे वह है जिन पर कोई विवाद नहीं है। इनमें अधिकांष सीटे वह है जहां पर भाजपा 2012 में या तो जीती थी या फिर दूसरे नबंर पर थी।
भाजपा नेता सूबे के संघ और भाजपा के प्रमुख नेताओं से बातचीत कर सकारात्मक समझी जानी वाली सीटों पर उम्मीदवारों के मामले में मन बनाने में जुटे हैं। चुनावी प्रचार के मामले में सूबे के अन्य दलों पर बढ़त बनाने के बाद भाजपा महज उम्मीदवारों के घोषणा में ही सपा और बसपा से पिछड़ी हुई है। इसलिए उम्मीदवारों की सूची जल्द जारी कर इसका तत्काल हल निकाला जाएगा।
पार्टी नेताओं ने स्थानीय और प्रदेश के संघ अधिकारियों के साथ उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा शुरू कर दी है। बिना विवाद वाली सीटों का ही पहली सूची में नंबर आएगा। शेष सीटों पर उम्मीदवारों के चयन में सर्वे के बाद ही किया जायेगा। इसके लिए अमित शाह अपनी भरोसेमंद टीम से करीब 300 सीटों पर सर्वे बरसात बाद करायेंगे। इसके बाद ही प्रत्याशियों की घोषणा चरणों में की जाएगी।