लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपना जन्मदिन मनाने परिवार के साथ लंदन गए हैं। लेकिन सपा मुख्यालय पर उनका 43 वां जन्मदिन धूम धाम से मनाया गया।
अखिलेश के जन्मदिन पर पार्टी नेताओं ने गरीबों और अस्पतालों के मरीजों में फल, दूध और बिस्कुट का वितरण किया। कारागार मंत्री बलवंत सिंह रामूवालिया ने आज जेलों में जुर्माने के एवज में सजा काट रहे और उम्रदराज 101 बन्दियों को अनुकंपा के आधार पर रिहा करने की घोषणा की। सपा मुख्यालय में अखिलेश यादव का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया।
समारोह में विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश को यशस्वी प्रदेश बना दिया है। ग्राम्य विकास मंत्री श्री अरविन्द सिंह गोप ने श्री अखिलेश यादव की लंबी उम्र की कामना करते हुए कहा कि उनके शानदार नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश को देश ही नही विदेश में भी पहचान दी है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद भगवती सिंह, एसआरएस यादव, प्रदेष सरकार के मंत्री बलराम यादव, अहमद हसन, राम गोविन्द चौधरी, बलवन्त सिंह रामूवालिया, गायत्री प्रसाद प्रजापति, एमएलसी डा0 मधु गुप्ता सहित हजारों की संख्या में पार्टी नेता मौजूद रहे।