सीएम से मिले हाकी खिलाड़ी
लखनऊ। जूनियर हॉकी विश्वकप (पुरुष), लखनऊ के ध्यानचन्द स्टेडियम में आठ से 18 दिसम्बर के बीच होगा। किसी अन्तर्राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता का यह पहला आयोजन होगा।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आज यहां उनके सरकारी आवास पर हॉकी इण्डिया के अध्यक्ष डॉ नरेन्द्र बत्रा ने मुलाकात की। डॉ0 बत्रा ने कहा कि लखनऊ में खेल अवस्थापना तथा अन्य सुविधाओं के मद्देनजर यहां पर जूनियर हॉकी विश्वकप (पुरुष), का आयोजन किया जाना उचित रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हॉकी का खेल देश का राष्ट्रीय खेल है। प्रदेश में भी यह खेल काफी लोकप्रिय है। प्रदेश के अनेक महिला और पुरुश खिलाडि़यों ने राष्ट्रीय हॉकी टीम में भी अपना स्थान बनाया है। इन खिलाडि़यों ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से पूरी दुनिया में देश व प्रदेश का नाम रौशन किया है।
हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचन्द भी उत्तर प्रदेश के ही थे। खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में यह एक बड़ी उपलब्धि है। इस विश्व कप में दुनिया की सबसे अच्छी 16 जूनियर पुरुश हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमें भारत, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, कनाडा, मिस्र, इंग्लैण्ड, जर्मनी, जापान, कोरिया, नीदरलैण्ड, न्यूजीलैण्ड, पाकिस्तान, साउथ अफ्रीका एवं स्पेन हैं। इस प्रतियोगिता का प्रसारण 100 देशों में किया जाएगा।