लखनऊ। किसान नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को आज उनकी पुण्यतिथि पर याद किया गया। राज्यपाल राम नाईक एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज यहां विधान भवन परिसर में स्थापित चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी जी ने आजीवन किसानों, मजदूरों तथा गांवों की बेहतरी के लिए काम किया। चौधरी साहब ने जिन नीतियों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया, उसे जीवनभर निभाया। राज्यपाल ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का भारत की राजनीति में अपना इतिहास है।
हमारा देश कृषि प्रधान देश है और चौधरी चरण सिंह का जीवन किसानों से जुड़ा रहा है। उन्होंने जमीनी नेता के रूप में किसानों के लिए संघर्ष किया।
राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं द्वारा चौ चरण सिंह जी की 29वीं पुण्यतिथि श्रद्वा के साथ मनायी गयी। इस अवसर पर जिला मुख्यालयों पर चौ साहब की प्रतिमा के सम्मुख हवन करने के साथ साथ अस्पतालों में फल वितरण करके उन्हें श्रद्वा सुमन अर्पित किये।
वहीं रालोद मुख्यालय पर आयोजित गोष्ठी में प्रदेश अध्यक्ष मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि चौ चरण सिंह पूरे देश में किसान मसीहा के नाम से जाने जाते हैं उन्होंने आजीवन किसानों, मजदूरों, अकलियतों तथा समाज के पिछड़े वर्गो के हक के लिए संघर्ष किया।
परन्तु वर्तमान केन्द्र और प्रदेश की सरकारों ने किसानों को मौत के मुंह में धकेलने का किया है उनके साथ विश्वासघात किया है। इस दौरान रालोद नेता राकेश सिंह मुन्ना, अनिल दुबे, ओंकार सिंह,रवीन्द्र सिंह पटेल, आरिफ महमूद, रमावती तिवारी अनिल सिंह सहित कई नेता मौजूद रहे।