लखनऊ। असम विधानसभा चुनाव में शानदार जीत से उत्साहित भाजपा अब अपना पूरा ध्यान यूपी पर देगी। मिशन 2017 में 265 प्लस का आंकडा छूने के लिए भाजपा प्रदेश में 30 बडी रैलियां करने जा रही हैं।
इन रैलियों में केन्द्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे। यूपी में दमदारी से चुनाव मैदान में उतरने एवं सफलता अर्जित करने में भाजपा कोई कसर नहीं छोडना चाहती।
पार्टी ने यह तय किया है कि विरोधियों की कमजोरियां परखने और खुद को मजबूती से पेश करने का हर संभव प्रयास किया जायेगा। इसी रणनीति को तय करने के लिए भाजपा 26 मई भारत उदय यात्रा एवं 12 एवं 13 जून को केन्द्रीय कार्यकारिणी की बैठक करने जा रही है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार पार्टी कार्यकर्ताओं को इलेक्ट्रॉनिक अटेंडेंस कार्ड उपलब्ध कराया जायेगा। जिससे कार्यकर्ता ज्यादा से ज्यादा वक्त पार्टी कार्यालयों को दे सके।
चुनाव से जुडा सारा ब्यौरा ऑनलाइन तैयार किया जा रहा है। केंद्र सरकार द्वारा कराये गए विकास कार्यो एवं नीतियों की जानकारी भी ऑनलाइन की जा रही हैं। विरोधी पार्टियों के कुछ प्रभावी नेताओं को बीजेपी में शामिल करने पर भी विचार चल रहा है।
26 मई को यूपी के सहारनपुर में आयोजित रैली में मोदी सरकार के कामों का बखान किया जायेगा। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह लगातार राज्य का दौरा करेंगे, वह 4 जून को लखनऊ में बीजेपी दलित सेल के एक कार्यक्रम में आ रहे हैं।
पार्टी ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया में ज्यादा से ज्यादा एक्टिव रहने के निर्देश भी पूर्व में दिये जा चुके हैं। इस तरह भाजपा यूपी में मजबूती हासिल करने का प्रयास कर रही है।