मीडिया की सुर्खियों तक सीमित रहीं यात्रा का समापन आज
लखनऊ। सूबे में सत्तारूढ समाजवादी पार्टी की साइकिल यात्रा जनता की नब्ज टटोलने से दूर रही। यह यात्रा में मीडिया की खबरों तक सीमित रही। जनता भी इसे चुनाव प्रचार का एक प्रयास मान रही है।
समाजवादी सरकार ने चार साल पूरे करने पर जनता के बीच अपनी उपलब्धियां गिनाने के लिए साइकिल यात्रा का आयोजन किया। यह यात्रा गत एक मई से आरंभ हुई जिसका समापन मंगलवार को किया जायेगा।
इस यात्रा में सरकार के मंत्री से लेकर कार्यकर्ताओं ने साइकिलें चलायी। यह यात्रा गली मोहल्लों तक घूमी। इस दौरान सपा नेताओं ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाई।
क्षेत्र में कराये गए विकास कार्यो को भी बखूबी से बताया जा रहा है। इन विकास कार्यो को लेकर पोस्टर भी बांटे जा रहे है। इसमें एक पोस्टर को सपा मुख्यालय से दिया गया है दूसरा क्षेत्रीय विधायक एवं विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी ने तैयार किये हैं।
लेकिन यह यात्रा जनता के बीच कोई खास असर नहीं डाल पा रही है। लोगों का कहना है कि अब चुनाव आने वाले है तो अपने चुनाव चिन्ह का प्रचार करने के लिए साइकिल चलायी जा रही है। चार साल तक कोई झांकने तक नहीं आया।
कल इस यात्रा के समापन पर पार्टी द्वारा कोई बडा आयोजन नहीं किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर हीं यात्रा का समापन कर दिया जायेगा।