उज्जैन। सिंहस्थ कुम्भ के दूसरे शाही स्नान की शुरुआत हो चुकी है सोमवार को अक्षय तृतीया पर अमृत स्नान करने रविवार रात से ही लाखों श्रद्धालु क्षिप्रा पहुंचे हैं।
आज सुबह महाकाल आरती के बाद घाटों पर शाही स्नान शुरू हो गया। स्नान का सिलसिला रविवार रात 12 बजे से शुरू हुआ, जो आज रात तक चलेगा।
हाल में आई त्रासदी को पीछे छोडते हुए श्रद्धालुओं का जो सैलाब देखने को मिल रहा है, उससे प्रतीत होता है कि आस्था के कुंभ में हर कोई डुबकी लगाने को बेताब है।
सोमवार सुबह जूना, आव्हान और अग्नि अखाड़ा के साधुओं ने सबसे पहले शाही स्नान किया। इसके बाद ही आम श्रद्धालु स्नान कर सकेंगे। महाकालेश्वर मंदिर में रविवार को सिंहस्थ में अब तक की सबसे अधिक भीड़ उमड़ी।
तडक़े 3 बजे भस्मारती में आम श्रद्धालुओं के दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ। शाम 7 बजे तक 4 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिए थे। रात 11 बजे शयन आरती तक 19 घंटे मंदिर में निरंतर दर्शन कराए गए।