मुंबई: मोदी सरकार के मेक इन इंडिया कार्यक्रम की सराहना करते हुए बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वपूर्ण पहल बताया।
शाहरुख ने कहा कि मेक इन इंडिया संभवत: हमारे सम्माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक सबसे महत्वपूर्ण पहल है, जो भारत और विदेशों में कंपनियों को हमारे अपने देश में और हमारी जमीन पर उत्पाद बनाने के लिए प्रेरित करती है और इस तरह रोजगार निर्माण, कौशल विकास करती है।
भाजपा नेता शाइना एनसी की पुस्तक मूवर्स एंड मेकर्स के विमोचन के मौके पर शाहरुख खान बोल रहे थे। यह पुस्तक मेक इन इंडिया पहल को समर्पित है।
शाहरुख ने कहा कि मेक इन इंडिया के माध्यम से नए तकनीकी विस्तार कई पीढ़ियों के लिए लाभकारी होंगे। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उपस्थित थे।
आपको बता दें कि, अपने 50वें जन्मदिन पर शाहरुख खान ने देश में असहिष्णुता को लेकर विवादित बयान दिया था। इसके बाद से ही शाहरुख की कड़ी आलोचना हुई। हालांकि शाहरुख ने कई मौकों पर सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से समझा गया।